मुजफ्फरनगर। कोहरे और ठंड के कारण आम जन जीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। करीब 12 घंटे तक कोहरा छाया रहा, जिससे वाहनों का आवागमन भी प्रभावित रहा। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन में सूरज कुछ देर के लिए ही दिखाई दिया। लोग दिनभर ठंड से बचाव के इंतजाम करते हुए नजर आए। एक्यूआई 367 रिकॉर्ड किया गया। स्कूलों में आठ जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है।

कोहरे का प्रभाव बना हुआ है। रविवार रात नौ बजे से कोहरा छाना शुरू हो गया था। रातभर घना कोहरा छाया रहा। सोमवार सुबह करीब नौ बजे कोहरे की चादर में जिला लिपटा रहा, जिस कारण आवागमन प्रभावित हुआ। दिल्ली-देहरादून हाईवे, पानीपत-खटीमा मार्ग, मेरठ-करनाल हाईवे समेत अन्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई। दिन में सूरज नहीं निकला, अधिकतर समय आसमान में बादल छाए रहे। जिस कारण ठंडक बरकरार रही। रात का न्यूनतम तापमान भी सात डिग्री पर रहा।

सोमवार को ठंड और कोहरे के कारण बाजारों में लोगों का आवागमन भी प्रभावित रहा। अधिकतर समय बाजार सूने रहे। दोपहर तीन बजे के आसपास कुछ देर के लिए बाजारों में चहल-पहल अधिक नजर आई।

मुजफ्फरनगर। लगातार बढ़ रही सर्दी और शीतलहर के कारण जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने सभी बोर्डों के स्कूलों की कक्षा आठ तक के बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया है। तीन से आठ जनवरी तक सभी स्कूलों का अवकाश रहेगा। हालांकि कक्षा नौ से 12 तक के बच्चों के लिए अवकाश नहीं दिया गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र कुमार ने बताया कि डीएम सीबी सिंह द्वारा दूरभाष पर दिए गए निर्देशों के तहत सभी बोर्डों के कक्षा नर्सरी से आठ तक के बच्चों को अत्यधिक ठंड से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तीन से आठ जनवरी तक शीत अवकाश घोषित किया गया है। उससे आगे का निर्णय आठ जनवरी की स्थिति को देख कर लिया जाएगा। इस दौरान कक्षा नौ से 12 की कक्षाओं को प्रात: दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक यथावत संचालित किया जाता रहेगा।