मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार सुबह का तापमान 5.2 डिग्री पर पहुंच गया। ठंड में बढ़ोतरी से लोगों की मुश्किलों में इजाफा हुआ। सुबह के समय कोहरे की चादर ने शहर को अपने आगोश में लिए रखा। धूप न निकलने से परेशान लोगों ने अलाव का सहारा लिया। शीतलहर ने लोगों की परेशानी बढ़ाए रखी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश पूरी तरह से ठंड की चपेट में आ गया है। रात सर्द हो रही है, और सुबह के समय पारा काफी नीचे जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

शिक्षा विभाग ने सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में आठवीं तक के छात्र-छात्राओं की शीतकालीन छुट्टी घोषित कर दी है। कक्षा 9 से 12वीं तक के बच्चों को कालेज जाना पड़ रहा है। मंगलवार सुबह का तापमान 5.2 डिग्री पर पहुंच गया। सोमवार को सुबह का तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया था। सोमवार के मुकाबले मंगलवार के दिन तापमान में गिरावट आई, जिससे जनजीवन असामान्य हो गया। बच्चे घरों में ही सीमित रहे।

न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अधिकतम तापमान नीचे जाने से लोगों की दिक्कतों में बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि रविवार का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री रहा था। अधिकतम तापमान में गिरावट का कारण दोपहर में भी धूप का न निकलना माना जा रहा है। सुबह के समय अधिकतर लोग घर में रहते हैं। लेकिन दोपहर और शाम के समय काम की बाध्यता के चलते उन्हें घर से बाहर निकलना पड़ता है। ऐसे में अधिकतम तापमान में गिरावट परेशानियों में अधिक बढ़ोतरी कर रहा है।