मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश भाजपा की ओर से यूपी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी के तहत प्रत्येक जिले में विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई। जनपद मुजफ्फरनगर के जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉक्टर वीरपाल निर्वाल को जनपद बिजनौर की चांदपुर विधानसभा का प्रभारी नियुक्त करते हुए 2022 में इस सीट को जिताने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश के सभी जिलों में विधानसभा सीटों के लिए अपने प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। पश्चिम क्षेत्र के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल द्वारा विधानसभा प्रभारियों की सूची जारी की गई है। इसमें मुजफ्फरनगर जनपद के निवासी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल को जनपद बिजनौर में चांदपुर विधानसभा सीट का प्रभारी बनाया गया है। डॉक्टर वीरपाल निर्वाल इससे पहले भी इस तरह का दायित्व निभा चुके हैं।
इसके अलावा भाजपा के विभाग संयोजक रहे यशपाल पंवार को सरधना विधानसभा सीट तथा पूर्व जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी को शामली जनपद की थानाभवन विधानसभा सीट का प्रभारी नियुक्त किया गया है। थाना भवन सीट से मौजूदा विधायक सुरेश राणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में गन्ना एवं चीनी मिल मंत्री हैं।
इसके अतिरिक्त भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नेता नीतीश मलिक को मुरादाबाद ग्रामीण सीट, श्री मोहन तायल को बिजनौर, भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कुश पुरी को सहारनपुर नगर, पूर्व विधायक अशोक कंसल को सहारनपुर जनपद की गंगोह विधानसभा सीट और जिलाध्यक्ष देवव्रत त्यागी को सहारनपुर जनपद की रामपुर मनिहारान विधानसभा सीट का प्रभारी नियुक्त किया गया है।