मुजफ्फरनगर। थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा में दो सगे भाइयों के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के पक्षों में लाठी-डंडे और गोलियां चलीं। झगड़े में बीच-बचाव कराते समय इनके भांजे को गोली लग गई। गोली लगने से युवक घायल हो गया। वहीं लाठी-डंडे चलने से दोनों महिला सहित कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घायल को शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा निवासी असगर वह अकबर पुत्र कालू दोनों सगे भाई हैं। इसमें असगर अपने परिवार के साथ दिल्ली सुशीला बिहार में रहता है। वहीं अकबर गांव में ही रहता है। दोनों भाइयों के बीच पहले दिल्ली की प्रॉपर्टी को लेकर भी विवाद हो चुका था। अब गांव कसेरवा में एक प्लाट को लेकर सोमवार सुबह अकबर तथा उसके भाई असगर पक्ष के बीच जमकर संघर्ष हो गया। जिसमें दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडों के चलने के साथ-साथ गोलियां चलीं। इसमें बीचबचाव को आए इदरीशपुर थाना बड़ौत निवासी असगर का भांजा इरशाद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर शाहपुर थाना पुलिस पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया। जहां से पहले जिला अस्पताल और वहां से मेरठ रेफर किया गया। पुलिस ने घटना के संबंध में दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों भाइयों का विवाद काफी वर्षों से चला आ रहा था। गांव में भी एक प्लाट को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अन्य फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।