मुजफ्फरनगर। किसान महापंचायत में शामिल होने क लिए मुजफ्फरनगर पहुंचे किसानों का पूर्व सांसद और सपा के वरिष्ठ नेता राजपाल सैनी के देवपुरम स्थित आवास पर दिल खोलकर स्वागत किया गया। यहां पर पंजाब और हरियाणा से सैंकड़ों किसान पहुंचे। किसानों का स्वागत राजपाल सैनी के पुत्र शिवान सैनी ने स्वागत किया। यहां पर किसानों के लिए भण्डारा आयोजित किया गया।
इस अवसर पर शिवान सैनी ने कहा कि इस जनपद की पहचान यहां की गंगा जमुनी तहजीब से है। यहां पर आज किसान हमारे मेहमान बनकर आये। इसलिए सभी का दायित्व है कि उनका आदर सत्कार किया जाये। भारतीय संस्कृति भी अतिथि देवो भवः की रही है। यहां के लोगों के आपसी सद्भाव के कारण ही इस जनपद को मौहब्बतनगर के रूप में भी पहचान मिली है। आज हमने किसानों के आदर के लिए भोजन व्यवस्था का सहयोग किया है।
यहां पर सैंकड़ों किसानों को भोजन कराया गया। यह किसी आंदोलन के समर्थन या किसी के विरोध को परिलक्षित करने के लिए नहीं, बल्कि मानवता के लिए था। उन्होंने कहा कि आज देश का किसान परेशान है, संघर्ष कर जान की आहुति दे रहा है, लेकिन सरकार को कोई परवाह नहीं है।
सरकार इतनी निरंकुश कैसे हो सकती है। सरकार को इन किसानों की पीड़ा को सुनने के लिए बातचीत से इसका हल तलाशना चाहिए। दुनिया में ऐसा कोई मामला नहीं है, जिसको बातचीत से नहीं हल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसी निरंकुश और लापरवाह सरकार को जवाब देने का काम करेगी। 2022 में यूपी से भाजपा का सफाया होगा।