मुजफ्फरनगर। किसान महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा ने किसान आंदोलन की आगामी रणनीति का ऐलान भी किया है। 27 सितम्बर के भारत बंद के साथ ही इससे पहले कई बड़े आयोजन संयुक्त किसान मोर्चा करने जा रहा है, जिसमें 7 सितम्बर की हरियाणा में भाजपा और खट्टर सरकार के खिलाफ महापंचायत का कार्यक्रम भी शामिल है। रविवार को इस रणनीति का ऐलान मंच से मोर्चा के पदाधिकारियों ने किया।

जीआईसी मैदान पर उमड़ी किसानों की भीड़ को भाजपा सरकारों के खिलाफ आक्रोश के रूप में प्रदर्शित करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने किसान आंदोलन की आगामी पंचायतों और कार्यक्रम का ऐलान किया है। आज मंच से 27 सितम्बर को भाजपा और उसकी सरकारों की नीतियों के विरोध में भारत बन्द का ऐलान कर दिया गया है, लेकिन इससे पहले संयुक्त किसान मोर्चा कई बड़े आयोजन करने जा रहा है।

मुजफ्फरनगर के बाद अब संयुक्त किसान मोर्चा ने केन्द्र सरकार और राज्य में भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ हरियाणा में किसान महापंचायत का ऐलान कर दिया है। रविवार को जीआईसी मैदान पर महापंचायत के दौरान मोर्चा के पदाधिकारियों ने ऐलान करते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर में उमड़ी किसानों की इस भीड़ ने भाजपा और उसकी सरकारों की नींद उड़ाने का काम किया है, अब ऐसी ही एक महापंचायत किसानों के द्वारा हरियाणा में खट्टर सरकार के खिलाफ आयोजित की जायेगी। मोर्चा के अनुसार 7 सितम्बर को हरियाणा के करनाल में किसान महापंचायत का आयोजन होगा। यह महापंचायत राज्य की मनोहर लाल खट्टर सरकार के खिलाफ करनाल में टोल प्लाजा पर किसानों पर लाठीचार्ज कराये जाने के खिलाफ बुलाई गयी है। इसमें सभी किसानों से मुजफ्फरनगर की भांति ही पहुंचने का आह्नान किया गया है।

इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा ने लखनऊ में 9 और 10 सितम्बर को किसान आंदोलन के लिए एक बड़ी मीटिंग बुलाने की भी तैयारी की है। इसकी घोषणा भी मंच से की गयी। जबकि 15 सितम्बर को राजस्थान के जयपुर में किसान संसद और इसके बाद 27 सितम्बर को भारत बन्द आंदोलन किया जायेगा।