मुजफ्फरनगर। किसान महापंचायत के दौरान दिल्ली और देहरादून से मुजफ्फरनगर में हाईवे पर पूरी तरह से किसानों का ही कब्जा नजर आया। मुजफ्फरनगर पहुंचने के लिए जहां भी टोल प्लाजा आये, किसानों के लिए बैरियर खोल दिये गये। जनपद में भी छपार और रोहाना टोल प्लाजा किसानों के लिए फ्री कर दिये गये थे।
बता दें कि रविवार को उत्तराखंड और दिल्ली के सभी छह बॉर्डर से भारी संख्या में किसान मुजफ्फरनगर पहुंचे। इसके अलावा हरियाणा से भी किसान यहां आये हैं। किसानों के लिए दिल्ली से मुजफ्फरनगर तक के सभी टोल फ्री नजर आये। जिले में रोहाना और छपार टोल प्लाजा पर किसानों का धरना काफी दिनों से चल रहा है, लेकिन यहां पर टोल फ्री नहीं कराया गया था, लेकिन आज कोई भी टोल पाबंदी को लागू नहीं करा पाया और किसानों ने टोल फ्री कराये।
रोहाना व छपार के अलावा मेरठ के सिवाया टोल पर भी बेरियर हटा दिये गये थे। वहीं शहर में भी किसानों के आने के कारण पूर्णतः बंदी रही। शहर में सड़कों पर किसानों का ही कब्जा रहा। चारों और हरी टोपी और हरे तथा पीले झण्डे वालों की भी भीड़ नजर आ रही थी। सड़कों पर ई रिक्शा और ठेले व रेहडे भी नदारद थे। व्यापारियों ने दुकानों को खोलने से परहेज ही किया। पूरा शहर आज कर्फ्यू जैसी स्थिति में नजर आया। आम आदमी ने भी शहर में निकलने से खुद को दूर रखा।