मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में 4 साल के एक बच्चे का अपहरण कर लिया गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार को घर के बाहर खेलते समय बच्चा लापता हो गया था। बच्चे का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित पिता का कहना है कि बच्चा हल्का मंदबुद्धि है।

शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसोली निवासी फरमान गुड कोलू में मजदूरी करता है। फरमान ने बताया कि उसका 4 वर्षीय बेटा अयान गुरुवार को करीब 11 घर से बाहर खेलने के लिए निकला था। उन्होंने बताया कि काफी देर इंतजार के बाद जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। बताया कि गांव के आसपास और खेतों में तलाशने के बावजूद उनका बेटा आयन नहीं मिला। जिसके बाद थाना शाहपुर पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। फरमान का कहना है कि उनके बेटे का इलाज कलावती हॉस्पिटल दिल्ली में चल रहा है। वह बोल नहीं पाता। गत वर्ष बुखार होने के कारण उसकी आवाज चली गई थी और वह मामूली तौर से मंदबुद्धि भी है। बताया कि उनका बेटा अयान अक्सर घर से बाहर चला जाता था। लेकिन कुछ देर बाद खुद ही लौट कर आ जाता था। इस बार न जाने क्या हुआ कि वह वापस नहीं लौटा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। किसी अनिष्ट की आशंका में परिवार के लोगों का बुरा हाल है। मां भी बेटे अयान को याद कर रो रही है।