मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के विश्वकर्मा चौक के पास रजबहा रोड पर रालोद कार्यकर्ताओं ने भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और सांसद बृजभूषण शरण का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई। पुलिस ने पांच कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। धक्का मुक्की के दौरान एक रालोद कार्यकर्ता घायल भी हो गया। पुलिस वीडियो के आधार पर कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में जुटी हैं।

बुधवार शाम में रालोद कार्यकर्ता युवा प्रदेश महासचिव अंकित सहरावत के साथ भोपा रोड एसडी काॅलेज के पास सांसद बृजभूषण शरण का पुतला फूंकने पहुंचे। जानकारी मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस काॅलेज के पास पहुंच गई। कार्यकर्ता विश्वकर्मा चौक से गंगारामपुरा रजबहा रोड पर पहुंचे और पुतला फूंक दिया।

इसकी जानकारी पर मंडी कोतवाली पुलिस मौके पहुंची तो रालोद कार्यकर्ताओं के साथ जलते पुतले को छीनने को लेकर धक्का मुक्की हो गई। एक कार्यकर्ता को चोट लग गई। काफी कार्यकर्ता मौके से चले गए, लेकिन पुलिस ने पांच कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान काफी देर तक हंगामा भी होता रहा। पुलिस वीडियो के आधार पर कार्यकर्ताओं को चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू की है। मंडी सीओ हिमांशु गौरव का कहना हैं कि पांच कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, विधायक अनिल कुमार, कृष्णपाल राठी और सुधीर भारतीय समेत अन्य पदाधिकारी एसएसपी ऑफिस पहुंचे। कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने पर नाराजगी जताई गई।