बागपत| बागपत के काठा गांव में बुधवार दोपहर परिवार के साथ यमुना नदी में नहा रहे दो भाई डूब गए। जिनकी आवाज सुनकर वहां पहुंचे किसानों ने बचाने का प्रयास भी किया। दो भाईयों के डूबने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों के साथ मिलकर यमुना नदी में दोनों भाईयों की तलाश शुरू कर दी।

खेकड़ा कस्बे के कमला नगर के रहने वाला शिवम धामा (18) और वरुण (15) पुत्रगण विजेंद्र अपनी मां पूनम, बहन दीपा और मौसी सुमन और दो बच्चों के साथ बुधवार को काठा गांव में यमुना नदी में नहाने के लिए आये थे।

बताया कि दोपहर करीब तीन बजे यमुना नदी में नहाते समय शिवम धामा और उसका भाई वरूण धामा यमुना नदी में डूबने लगे। जिन्हें देखते ही परिवार के लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास भी किया।

शोर मचाने पर आसपास खेत में काम करने वाले लोग भी वहां आये, लेकिन जब तक दोनों भाई यमुना नदी में डूब गए। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों को साथ लेकर उनकी तलाश शुरू कर दी।

काठा गांव में यमुना नदी में नहाते समय जिस जगह दोनों भाई डूब गए, उसी के पास वर्ष 2017 में नाव हादसा हुआ था। यमुना नदी में दो भाईयों के डूबने की सूचना मिलते ही नाव हादसे की यादें भी ताजा हो गई।