मुजफ्फरनगर/पुरकाजी। जिले में तेज बारिश के चलते सदर तहसील में पांच स्थानों पर मकान गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। हादसों में तीन बच्चे घायल हुए हैं। एसडीएम सदर परमानंद झा ने बताया कि पुरकाजी ब्लाक के गांव खेडकी में महेशपाल व श्रीकांत के मकान की छत गिर गई। जिसमें महेशपाल की 13 वर्षीय पुत्री भावना, श्रीकांत की 19 वर्षीय बहन अंजली घायल हो गई।
गांव बडकली में उमेश का मकान गिर गया। यहां भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को देखा गया। गांव निरमाना में इनाम का मकान बारिश में गिर गया। यहां कोई जन हानि नहीं हुई है। किदवई नगर में भी मकान गिरा है। कुल पांच स्थानों पर मकान गिरने की घटनाएं हुई हैं।
मुजफ्फरनगर। राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने डिवीजन थर्ड की बिजली पांच घंटे तक बाधित रहने पर एमडी से बात की। मंत्री ने बताया कि इस क्षेत्र की बिजली को नरा के स्थान पर बधाई कला से जोड़ा गया हैं। क्षेत्र में लगातार आपूर्ति बाधित हो रही है। इस संबंध में डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी से बात की गई है। मुख्यमंत्री का 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का आदेश है।