उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में शुक्रवार को शाम चार बजे एक अवैध फैक्टरी में भीषण विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दहल उठे। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं घटनास्थल पर खौफनाक मंजर देख लोगों की रूह कांप उठी। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।


कैराना क्षेत्र में शामली रोड पर जंगल में संचालित अनाधिकृत पटाखा फैक्टरी में शुक्रवार शाम करीब चार बजे भीषण विस्फोट हो गया। जिससे पूरी फैक्टरी जमीदोंज हो गई। मलबे में दबने से चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार की हालत नाजुक है। मरने वालों में तीन और घायलों में दो की ही पहचान हुई है। जबकि एक मृतक व चार घायलों की पहचान नहीं हो पाई।

कैराना के मोहल्ला आलकला निवासी इकबाल की शामली रोड पर जंगल में आचार की फैक्टरी कई वर्षों से बंद पड़ी थी। बताया गया कि उसने करीब डेढ़ माह पूर्व ही पानीपत निवासी राशिद नाम के किसी व्यक्ति को फैक्टरी किराए पर दी थी।
फिलहाल फैक्टरी में दीवाली के लिए अनाधिकृत रूप से पटाखे बनाने का काम जोरों से चल रहा था। शुक्रवार शाम करीब चार बजे अचानक फैक्टरी में जबरदस्त विस्फोट हुआ। जिससे पूरी फैक्टरी ताश के पत्तों की तरह ढह गई।

वहीं धमाके की आवाज से दूर-दराज तक के लोग भी दहल गए। इसके बाद कुछ ही देर में मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस भी पहुंच गई।


फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाकर आग बुझाई गई। जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से मलबे से चार मजदूरों के शव निकाले गए, जबकि छह घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है।

मजदूरों में छह लोग बहराइच के और चार शामली के बताए गए। मरने वालों के नाम पप्पी, सलमान और फैमुद्दीन हैं। इनके पते की जानकारी नहीं मिली। घायलों के नाम मुनव्वर व मतलूब निवासी गांव बडरिया थाना हल्दी, जिला बहराइच बताया गया है।

वहीं एक मृतक व चार घायलों की पहचान नहीं हुई। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान के प्रयास में जुटी है। हादसे की सूचना पर डीएम जसजीत कौर और एसपी सुकीर्ति माधव भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। डीएम का कहना है कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। इस हादसे के लिए जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।