मुजफ्फरनगर में पुरकाजी क्षेत्र के गांव भोजाहेड़ी निवासी नसीम के पुत्र आतिफ(12) की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। गांव में गम का माहौल है।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे किशोर पास में ही अपने ताऊ के घर जा रहा था। जब वह पास के ही एक प्लाॅट के पास पहुंचा तो इस दौरान हो रही तेज बारिश में प्लाॅट में बनी दीवार गिर गई। दीवार गिरने से प्लाॅट में रखी हजारों ईंटे उसके ऊपर गिर गई। जिनके नीचे दबने से वह गम्भीर रूप से घायल होकर करीब तीन घंटे तक वहीं पड़ा रहा।
बच्चे के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने बच्चे की काफी तलाश की मगर वह नहीं मिला। करीब चार बजे जब प्लाॅट स्वामी अब्दुल रहीम गिरी हुई ईंटों को इकट्ठा कर रहा था, तो बच्चा ईंटों के नीचे दबा मिलने पर उसने बच्चे के परिजनों को जानकारी दी।
जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे पुरकाजी अस्पताल लाए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।