मुजफ्फरनगर| पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश के कारण मुजफ्फरनगर जनपद में उफनती सोलानी नदी खतरा बनने लगी है। पानी के तेज बहाव के कारण गांव झबरपुर के पास पुरकाजी-लक्सर मार्ग पांच फीट तक टूट गया। इससे खादर क्षेत्र के बीस गांवों का संपर्क पुरकाजी से कट गया है। इस मार्ग से उत्तराखंड़ का आवागमन भी बंद हो गया है। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

सोलानी का पानी खादर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा है। बुधवार रात पानी लक्सर मार्ग तक पहुंच गया। करीब पांच फीट तक मार्ग टूट गया। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन को जानकारी दी। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एसडीएम सदर परमानंद झा ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

गांव भैंसीवाला, बढ़ीवाला और शेरपुर क्षेत्र में अधिक पानी है। मार्ग टूट जाने से यहां से उत्तराखंड़ में आवागमन बंद हो गया है। पुरकाजी से खादर क्षेत्र के करीब 20 गांव का यही मुख्य रास्ता है। गुरुवार को प्रशासन की टीम दौरा करेगी। डीएम ने बताया कि प्रशासन ने बचाव के पूरे इंतजाम किए हैं।