चौसाना। कस्बे के एक गांव में शुक्रवार को एक किशोरी के साथ गांव के कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया था। घायल अवस्था में किशोरी अपने घर पहुंची थी, जिसके बाद परिजनों ने उसको करनाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

चौसाना चौकी क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय एक किशोरी शुक्रवार को सिलाई सीखने के लिए गांव के सिलाई सेंटर पर गई हुई थी। वापस घर लौटते समय गांव के कुछ युवकों ने उसके साथ बदनियती से खींचते हुए छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया था जिसमें वह घायल हो गई थी। इसके बाद बदहवास एवं घायल अवस्था में किशोरी अपने घर पहुंची तो परिजनों ने गंभीर हालत में उसको करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई। मौत की सूचना पर घर में कोहराम मचा है। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से प्रार्थना पत्र लेकर अग्रिम कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। वहीं, ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है।