मुजफ्फरनगर| मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक किशोर के साथ दरिंदगी करने वाले दो बदमाशों को दबोच लिया। दबोचे गए दोनों बदमाश किशोर को एक साल से परेशान कर रहे थे। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी करते हुए उनका चालान कर दिया है।
मुजफ्फरनगर थाना क्षेत्र के गांव निवासी किशोर के साथ दो लोगों ने कुकर्म किया। पीड़ित के पिता ने मामले की शिकायत थाना चरथावल पुलिस से की थी। सीओ सदर यतेंद्र नागर ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों बदमाशों को ज्ञाना माजरा रोडान नहर पटरी से पकड़ा है। उन्होंने बताया कि दबोचे गए बदमाशों में संजीव पुत्र महक सिंह और राजू उर्फ राजकुमार पुत्र ईश्वर सिंह निवासीगण ग्राम ज्ञाना माजरा रोडान थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर शामिल हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक आईपीएस अभिजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।
इसके बाद मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। पीड़ित के पिता ने बताया कि उसके बेटे को दोनों आरोपी एक साल से परेशान कर रहे थे। बार-बार उसके साथ कुकर्म किया जा रहा था।