मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि पीनना बाईपास पर पुल बनने तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। क्षेत्र के 10 से अधिक गांव के किसानों की समस्या पर एनएचएआई ध्यान नहीं दे रहा है। अगर पुल नहीं बना तो आए दिन दुर्घटनाएं होंगी।
पीनना में चल रहे धरनास्थल पर सोमवार को क्षेत्र की पंचायत बुलाई गई। भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि बाईपास पर पुल से किसानों और यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए लाभ मिलेगा। लेकिन एनएचएआई हठधर्मिता दिखा रहा है। लंबे आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे, जरूरत पड़ी तो इस बाईपास पर जाम भी लगा दिया जाएगा।
रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान ने कहा कि सरकार किसानों की सुनवाई नहीं कर रही है। पुल क्षेत्र के हित में है। पुरकाजी विधायक अनिल कुमार ने कहा कि क्षेत्र के किसानों की समस्या का समाधान होना चाहिए। वह पूरी तरह किसानों के साथ है। किसानों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
चरथावल विधायक पंकज मलिक ने कहा कि सरकार का रवैया निंदनीय है। अगर पुल नहीं बना तो बाईपास पर रोजाना हादसे होंगे। अध्यक्षता चौधरी शरणवीर सिंह और संचालन रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने किया।