मुजफ्फरनगर। फर्जी कागजातों के आधार पर परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो में वरिष्ठ लिपिक के पद पर नौकरी कर रही महिला संतोष देवी को निलंबित कर दिया गया। आरोपी महिला जेल में बंद है। पति की मौत हो जाने के बाद महिला मृतक आश्रित में नौकरी कर रही थी।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि उनके कार्यालय में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्य करने वाली महिला संतोष देवी का अपनी पुत्रवधू के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। पुत्रवधू ने फर्जी कागजातों के आधार पर संतोष देवी पर मृतक आश्रित में धोखाधड़ी कर नौकरी पाने का आरोप लगाया था। यह मुकदमा सिविल लाइन थाने में 18 जुलाई को दर्ज किया गया था। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी थी। विभागीय अधिकारियों ने भी जांच शुरू कराई थी।
स हायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 25 अगस्त को संतोष देवी कोर्ट में तारीख पर गई थीं, वहां महिला को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में अब सिविल लाइन पुलिस ने उनके कार्यालय को पत्र भेज कर जानकारी दी है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर संतोष देवी को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी महिला अभी तक जेल में बंद है।