मुजफ्फरनगर। पंजाब में किसानों के आंदोलन के चलते शालीमार जम्मू तवी एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ। ट्रेन को पहले मुजफ्फरनगर और फिर रोहाना कलां स्टेशन पर रोककर रखा गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रोहाना से ट्रेन को सहारनपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
शालीमार जम्मू तवी एक्सप्रेस अपने तय समय से करीब 15 मिनट की देरी से रात पौने आठ बजे मुजफ्फरनगर पहुंची थी। यहां करीब सवा घंटा ट्रेन खड़ी रही। इस दौरान यात्री परेशान रहे। पूछताछ खिड़की पर यात्रियों को ट्रेन रोके जाने की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। रात नौ बजे ट्रेन को रवाना किया गया तो यात्रियों ने राहत की सांस ली। लेकिन कुछ ही मिनट बाद ट्रेन को रोहाना कलां स्टेशन पर रोक लिया गया। जंगल में ट्रेन करीब सवा घंटे खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों ने मुश्किलें झेली। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को सवा दस बजे सहारनपुर के लिए रवाना कर दिया है। पंजाब में किसानों के रेलवे ट्रैक पर बैठ जाने के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।