नई दिल्ली। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को विश्व कप 2023 के 37वें मुकाबले में 243 रन से हरा दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के शतक की बदौलत 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 326 रन बनाए। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 27.1 ओवर में 83 रन ही बना सकी। भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने पांच विकेट हॉल लिए। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन ने सर्वाधिक 14 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

327 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब हुई है। टीम ने पहले पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवाए। क्विंटन डिकॉक 10 गेंद में पांच रन, कप्तान तेम्बा बावुमा 11 और एडन मार्करम 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सिराज ने डिकॉक को क्लीन बोल्ड किया। जडेजा ने तेम्बा को बोल्ड किया और शमी ने मार्करम को एलबीडब्ल्यू किया। हेनरिक क्लासेन को जडेजा ने आउट किया। डुसेन को शमी ने आउट किया। जडेजा ने डेविड मिलर को क्लीन बोल्ड किया। केशव महाराज और रबाडा को जडेजा ने ही आउट किया। कुलदीप ने मार्को यानसेन और एनगिडी को पवेलियन भेजा।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के शतक की बदौलत 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 326 रन बनाए। भारत के लिए विराट कोहली ने शतक और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक ठोका। बर्थडे बॉय विराट कोहली ने वनडे में 49वां शतक जड़कर सचिन तेंदुलकर के वनडे में सबसे ज्यादा शतक (49) लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन, कागिसो रबादा, केशव महाराज और तबरेज शम्सी ने एक-एक विकेट चटकाया।

भारत ने तेजतर्रार आगाज किया। रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 62 रन जोड़े। रोहित फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 24 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद स े40 रन की पारी खेली। गिल की पारी का अंत 11वें ओवर में हुआ। उन्हें केशव महाराज ने बोल्ड किया। गिल ने 24 गेंदों में 23 रन बटोरे। उन्होंने चार चौके और एक सिक्स मारा। इसके बाद, कोहली और श्रेयस अय्यर ने बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 134 रन की पार्टनरशिप की। यह साझेदारी 37वें ओवर में अय्यर के आउट होने के बाद टूटी। एनगिडी ने अय्यर को मार्कराम के हाथों लपकवाया। उन्होंने 87 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों के जरिए 77 रन बनाए। केएल राहुल सस्ते में पवेलियन लौटे। राहुल ने 17 गेंद में 8 रन बनाए। इसके बाद सूर्यकुमार ने 14 गेंद में 22 रन बनाए। विराट कोहली ने 119 गेंद में शतक पूरा किया। जडेजा ने 15 गेंद में 29 रन की धमाकेदार पारी खेली।  इस जीत के साथ भारत के 16 अंक हो गए हैं।