मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव तेवड़ा के अर्सलान हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। पुलिस की जांच में पता चला कि पड़ोसी महिला ने ही अर्सलान की हत्या की थी। बताया गया कि आरोपी महिला तांत्रिक क्रिया करने में लिप्त रहती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला के पास बाहरी व्यक्तियों का आना-जाना बना रहता है। इसी के चलते मृतक अर्सलान की माता ने हत्यारोपी महिला को अपने घर से दो-तीन बार भगा दिया था।

इसी रंजिश के चलते 11 नवंबर को आरोपी आसिफा ने गली में खेलते वक्त पांच वर्षीय अर्सलान की कपड़े की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद बच्चे के शव को गड्ढा खोदकर दबाने का प्रयास किया था। लेकिन वह सफल नहीं हो सकी थी।

वहीं, पुलिस द्वारा संघन तलाशी के दौरान आरोपी महिला ने अर्सलान के शव को घर से सो मीटर दूर तालाब के किनारे फेंक दिया था। इसके बाद तेज बदबू होने से महिला को पकड़े जाने का डर लगातार भयभीत कर रहा था।

वहीं, 13 नवंबर की शाम को पुलिस ने गायब अर्सलान का शव तालाब किनारे प्लास्टिक के बोरे से बरामद कर लिया। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव गांव पहुंचा तो देखने के लिए हजारों ग्रामीणों की भीड़ लग गई।

बताया गया कि पड़ोसी महिला आसिफा के नहीं पहुंचने पर पुलिस को शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर दो दिन तक पूछताछ की तो आरोपी महिला ने हत्या का राज उगल दिया। महिला को अपहरण कर हत्या करने के आरोप में जेल भेज दिया गया है। महिला का पति गयूर मजदूरी करता है और उसके पांच बच्चे भी हैं।