दुबई। आईपीएल के आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी दुबई में हो रही है। 333 खिलाड़ी नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। सभी टीमों के पास कुल 77 स्थान ही बाकी हैं। ऐसे में अधिकतम खिलाड़ी अनसोल्ड हो जाएंगे। इस लिस्ट में कई दिग्गज खिलाड़ियों के नाम जुड़ते जा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को किसी ने नहीं खरीदा। हालांकि, पहले राउंड में जिन खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगी है उनके नाम नीलामी के अंत में फिर से लिए जा सकते हैं।
स्मिथ आईपीएल में पुणे सुपर जाएंट्स और राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर चुके हैं। स्मिथ का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। वह दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, कोच्चि टस्कर्स केरला और पुणे वॉरियर्स इंडिया की टीम का भी हिस्सा रहे हैं। स्मिथ ने आईपीएल के 103 मैचों में 34.51 की औसत से 2485 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 128.09 का रहा है।
भारत के अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे को भी किसी ने अपनी टीम में नहीं लिया। मनीष का बेस प्राइस 50 लाख रुपये था। आईपीएल के 170 मैचों में उन्होंने 29.07 की औसत से 3808 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 120.97 का है। पांडे आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पुणे वॉरियर्स इंडिया, कोलकाता नाइटराइडर्स, मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपर जाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
भारत के बल्लेबाज करुण नायर भी नहीं बिक पाए। नायर का बेस प्राइस 50 लाख रुपये था। वह आईपीएल में 76 मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 23.75 की औसत से 1496 रन बनाए हैं। नायर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइटराइजर्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम का हिस्सा रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के रिले रूसो को भी किसी ने नहीं खरीदा। उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। रूसो आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा रहे हैं। रूसो ने 14 मैच खेले हैं। इस दौरान 21.83 की औसत से 262 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 136.46 का रहा है।
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज फिलिप सॉल्ट, ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिश, श्रीलंका के विकेटकीपर कुसल मेंडिस, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान, दक्षिण अफ्रीका के तबरेज शम्सी, न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी, वेस्टइंडीज के अकील हुसैन, इंग्लैंड के आदिल रशीद, अफगानिस्तान के वकार सलामखिल और ऑस्ट्रेलिया के जोश हेडलवुड को भी किसी ने नहीं खरीदा।