मुजफ्फरनगर।  मुजफ्फरनगर के पुरकाजी पहुंची कांग्रेस की यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए यात्रा शुरू की गई है। भाजपा ने जो नफरत का माहौल पैदा किया है, उसे खत्म करना है। किसान और नौजवानों को सरकार उनका हक देने में नाकामयाब रही है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि देश को बचाने का समय आ गया है। हम यूपी में हिन्दू और मुस्लिम के भाईचारे को जोड़ने निकले हैं। जनता हमारे साथ है। हम रुकने वाले नहीं हैं। बसपा प्रमुख मायावती को भी मजबूती के साथ इंडिया गठबंधन में आना चाहिए।
कसबे के बैंक्वट हॉल में पहुंची यात्रा का जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा ने अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के बीच कहा कि भाजपा नेता लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

एक तरफ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जा रहा है और दूसरी तरफ भाजपा से टिकट पाकर बच्चियों के साथ बलात्कार करने वाले भी विधायक बन रहे हैं। लोकसभा चुनाव में जनता हमारे साथ है। मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा और इंडिया गठबंधन इस बार भाजपा को हराने का काम करेगा।

यूपी जोड़ो यात्रा के कसबे में पहुंचने पर कांग्रेसियों ने ढोल बजाकर स्वागत किया। शाम करीब सात बजे यात्रा क्षेत्र में पहुंची। जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा, कांग्रेस नेता कमरूजमां, मुनीर सईद के नेतृत्व में सैंकड़ों लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
यूपी जोड़ो यात्रा शुक्रवार को पुरकाजी कसबे की विभिन्न गलियों से गुजरेगी। इसके बाद भोजाहेड़ी, अब्दुलपुर होते हुए खाईखेडी चीनी मिल पहुंचेगी। इसके बाद भैंसरहेड़ी में जनसभा होगी। बसेड़ा में स्वागत के बाद यात्रा को बिजनौर के लिए रवाना किया जाएगा।