लखनऊ। पीक आवर्स में सबसे अधिक बिजली की आपूर्ति करने वाला यूपी अब देश का पहला राज्य बन गया है। 2023-24 में नवंबर तक यूपी में पीक आवर्स में सबसे अधिक 28284 मेगावाट बिजली की सप्लाई कर देश का शीर्ष राज्य बना। अब तक यह रिकार्ड महाराष्ट्र के नाम हुआ करता था। यह जानकारी उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बुधवार को मीडिया को दी। 19 दिसंबर को राज्यसभा के पटल पर रखी गई रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि पीक आवर्स में 2020-21 और 2022-23 में महाराष्ट्र पहले नंबर पर था जो कि अब दूसरे नंबर पर आ गया है।

उन्होंने कम संसाधनों और चार साल तक बिजली दरें बढ़ाए बगैर यह कीर्तिमान स्थापित किए जाने पर मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री और बिजली प्रबंधन से जुड़े अफसरों के प्रति आभार जताया है। परिषद ने वर्ष 2024-25 के लिए अधिकतम मांग 30000 से 31500 मेगावाट का अनुमान जताया है। अप्रैल से लेकर सितंबर तक गर्मी अधिक रहती है। सभी राज्य अपने उपभोक्ताओं को पीक आवर्स में जब बिजली की आवश्यक्ता सबसे अधिक होती है, उस समय अधिक बिजली देने का प्रयास करते हैं। अवधेश वर्मा ने कहा है कि ऊर्जा क्षेत्र में यूपी की यह उपलब्धि पूरे देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए अध्ययन का विषय बनेगा।  कम संसाधनों में बिना बिजली दरें बढ़ाए यूपी ने जो उपलब्धि हासिल की है उसके लिए प्रदेश के 3 करोड़ 30 लाख विद्युत उपभोक्ता भी आभारी रहेंगे।

राज्य               वर्ष 2023-24                  अधिकतम विद्युत मांग          अधिकतम विद्युत आपूर्ति

उत्तर प्रदेश     अप्रैल 2023 -नवंबर 2023          28704 मेगावाट               28284 मेगावाट
महाराष्ट्र         अप्रैल 2023 -नवंबर 2023          31178 मेगावाट               27996 मेगावाट
गुजरात           अप्रैल 2023 -नवंबर 2023         24829 मेगावाट             24544 मेगावाट
तमिलनाडु      अप्रैल 2023 -नवंबर 2023          19045 मेगावाट                 19045 मेगावाट
राजस्थान        अप्रैल 2023 -नवंबर 2023        17956 मेगावाट                17840 मेगावाट