मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली में सिफारिश को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुनीता मलिक के बीच मनमुटाव जगजाहिर हो गया। बुधवार को कचहरी पहुंची भाजपा जिला महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुनीता मलिक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी उनका अपमान कर रहे हैं। पीनना गांव के दो सगे भाइयों के झगड़े का निस्तारण सामाजिक तरीके से कराने की मांग रखी थी। पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई की।

आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने पूरी बात नहीं सुनी। वह पीनना में कार्यकर्ताओं के बीच बैठी थीं, जिलाध्यक्ष के व्यवहार से दुख हुआ।इस वजह से अब अपनी बात कहने के लिए सामने आना पड़ा। यह भी आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी कार्यकर्ताओं के साथ खराब व्यवहार कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान का चुनाव भी खराब करना चाहते हैं। नाराज महिला नेता ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ धरने प्रदर्शन और भाजपा से इस्तीफे की चेतावनी दी है।

उधर, कुछ देर बाद ही जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी की ओर से सुनीता मलिक को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया। जिलाध्यक्ष ने एक जनवरी को हुए झगड़े का हवाला दिया। आरोप लगाया कि सुनीता मलिक आरोपी को जबरन छुड़ाना चाहती थीं। तीन दिन में जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।