बागपत। जनपद में गांगनौली गांव के जंगल में शुक्रवार की रात एक लाख के इनामी रहे प्रमोद राठी गिरोह के सदस्य व हिस्ट्रीशीटर पंकज राठी उर्फ गोटा की गला रेत कर हत्या कर दी। शनिवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। बताया गया उसका रिकाॅर्ड दोघट थाने के हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज था। पुलिस के अनुसार मृतक पंकज उर्फ गोटा एक लाख के इनामी रहे कुख्यात बदमाश प्रमोद गांगनौली गिरोह का सदस्य था। उस पर दोघट थाने में 14 मुकदमे दर्ज थे।
भाई नीरज ने बताया कि उसका भाई पंकज राठी उर्फ गोटा नशे का आदी था। शुक्रवार की रात गांव में किसी के साथ उसका झगड़ा हो गया था। वह घर आया था और चिकित्सक से इलाज कराने के लिए रुपये मांग रहा था। जब उसे पैसे नहीं मिले तो वह घर से झगड़ा कर चला गया था। शनिवार सुबह उसका शव खेत के पास चकरोड पर पड़ा मिला। उसकी गला रेत कर हत्या की गई थी।
किसान रोशन पाल पुत्र अतल सिंह ने खेत में उसका शव पड़ा देखा तो ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी सोनवीर सिंह सोलंकी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पंकज राठी उर्फ गोटा दोघट थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ लगभग 14 मुकदमे दर्ज थे। अभी तक मृतक के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस हत्यारों का पता लगाने में जुटी हुई है।