मुजफ्फरनगर में पूर्व सांसद व सपा नेता कादिर राना डेंगू की चपेट में आ गए हैं। कई दिनों से बुखार के चलते परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। परिजन उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल में ले गए हैं।

पूर्व सांसद कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। पहले घर पर ही उपचार कराया गया। हालत बिगड़ने पर शनिवार को उनकी जांच कराई गई। पूर्व सांसद के निजी सहायक मुस्तकीम ने बताया कि जांच कराने पर शनिवार को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। दोपहर के समय उनकी प्लेटलेट्स 35 हजार होने पर गंभीर अवस्था में भोपा रोड स्थित ईवान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हालांकि शाम के समय उनकी प्लेटलेट्स बढ़ गई है। परिजन एहतियात के तौर पर उन्हें उपचार के लिए दिल्ली लेकर गए हैं। मुस्तकीम ने बताया कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने कहा कि निजी अस्पताल ने अभी तक इस बाबत सूचना नहीं दी है।

जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या रोजाना बढ़ रही है। पीड़ितों की संख्या 76 पर पहुंच गई है। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि एक सप्ताह से मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर रहा है।