सहारनपुर। में पहले से शादीशुदा युवक ने दूसरी शादी कर ली। इसका पता जब उसकी दूसरी पत्नी को लगा तो आरोपी ने उसे प्रताड़ित किया। पीड़िता के पिता ने एसपी देहात को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना नागल क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि कुछ समय पूर्व उसने अपनी पुत्री की शादी कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्र में की थी। शादी के करीब छह माह बाद पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है, जिसने पहली पत्नी को छोड़ रखा है। इसका विरोध करने पर प्रताड़ित किया। कई- कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा गया। इसी बीच आरोपी ने एक महिला के साथ दुष्कर्म भी किया, जिस मामले में वह जेल गया।
पीड़ित पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने भी उसकी पुत्री को परेशान किया। पुत्री छह माह से मायके में रह रही है। पीड़ित ने एसपी देहात से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।