मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी ने पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी जवाबी फायर किया तो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्र के गांव की एक छात्रा के साथ उसके सहपाठियों ने तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता द्वारा घटना की नामजद रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज करवा दी गई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया था।

फरार मुख्य आरोपी आर्यन व राहुल को पुलिस ने सोमवार को सुबह गिरफ्तार किया। एसपी देहात आदित्य बंसल व सीओ गजेंद्र पाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ के बाद पुलिस आर्यन को तमंचे की बरामदगी के लिए परासौली गांव के जंगल में ले गई। दुष्कर्म के मुख्य आरोपी आर्यन ने खेत से मस्कट उठाकर पुलिस पर फायर करते हुए हिरासत से भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। इस घटना में पैर में गोली लगने से आर्यन घायल हो गया। पुलिस ने घायल आर्यन को चिकित्सालय में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र ने बताया कि महिला उत्पीड़न के इस मामले में सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।