मुजफ्फरनगर। जनपद के प्रमुख समाजसेवी एवं उद्योगपति धर्मपरायण राजकुमार जैन का निधन हो जाने से त्यौहारों की खुशियों में शोक की लहर दौड़ गई। उनका दिल्ली में उपचार के दौरान निधन हो जाने की खबर आने से सभी स्तब्ध रह गये।

श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र वहलना की प्रबंध समिति के महामंत्री एवं अनेक शिक्षण और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े रहे जनपद के प्रमुख उद्योगपति व समाजसेवी राजकुमार जैन ;नावला वालेद्ध का आज देवलोक गमन हो गया है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार राजकुमार जैन गत कई महीनों से बीमार चल रहे थे। परिजनों द्वारा उनको गुड़गांव में स्थित मेदांता हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती थे। मंगलवार को दोपहर के समय उपचार के दौरान ही मेदांता हॉस्पिटल में राजकुमार जैन ने अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार यहां प्राप्त होने के साथ ही शोक का वातावरण बन गया। उद्यमियों, राजनेताओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों ने उनके निधन को समाज और जनपद के लिए अपूर्णीय क्षति बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की हैं। जैन समाज की ओर से भी गहरा शोक जताया गया है।

वहीं श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र वहलना प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष राजेश जैन ने भी उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर परिसर के विकास के लिए राजकुमार जैन का सहयोग हमेशा ही याद किया जायेगा। वह समाज की सेवा में तत्पर रहे। सूत्रों के अनुसार मेदांता हॉस्पिटल से उनका पार्थिव शरीर मुजफ्फरनगर के अम्बा विहार स्थित उनके आवास पर लाया गया। यहां पर परिजनों और परिचितों ने उनके अंतिम दर्शन किये और फिर उनका गमगीन वातावरण में अंतिम संस्कार कर दिया गया।