मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त की। शहर के कूकड़ा मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। सुबह से ही यहां कर्मचारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मुजफ्फरनगर लोकसभा में 1698 बूथों पर मतदान होगा। मेरठ जिले की सरधना सीट भी मुजफ्फरनगर लोकसभा का हिस्सा है। यही नहीं मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर और पुरकाजी सीट बिजनौर लोकसभा का हिस्सा है। कूकड़ा मंडी से मुजफ्फरनगर और बिजनौर लोकसभा सीट के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो रही है।
मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट के लिए 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इनमें भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, सपा से पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक और बसपा से दारा सिंह प्रजापति चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी सत्य से कविता पुंडीर, जय समता पार्टी से नील कुमार, विशाल जनता पार्टी से बीरबल सिंह चुनाव मैदान में है। निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अंकुर, मनुज वर्मा, रेशू शर्मा, शशिकांत और सुनील त्यागी चुनाव लड़ रहे हैं।