मुज़फ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर शुक्रवार को दरोगाओं को हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी है। थाना सिविल लाइन में निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु दरोगा एके-47 को ठीक तरीके से खोल नहीं पाए थे। एसएसपी अभिषेक सिंह ने गुरुवार को थाना सिविल लाइन का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षु दरोगाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं को भी जाना था। तब एसएसपी ने प्रशिक्षु दरोगाओं से सरकारी शस्त्रों के बारे में भी पूछताछ की, उन्हें सरकारी शस्त्र दिखाई गए और उनके नाम पूछे गए। शस्त्र खोलने व बांधने को कहा गया। इस दौरान वह सही प्रकार से अपना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके।
इसी के चलते एसएसपी ने सभी प्रशिक्षु दरोगाओं से ट्रेनिंग देने के आदेश दिए हैं। थाना सिविल लाइन पर शुक्रवार को सभी प्रशिक्षु दरोगाओं को ट्रेनिंग दी गयी। एसएसपी ने कहा कि यह एक रूटीन प्रक्रिया है। सभी पुलिसकर्मियों को सरकारी शस्त्र के बारे में जानकारी होनी चाहिए। सभी थानों में प्रशिक्षु दरोगा तैनात किए गए है। उनकी अभी ट्रेनिंग चल रही है और उन्हें सुधार करने के लिए कहा गया है।