मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां, एक दुल्हन अपनी शादी के अगले दिन ससुरालीजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखे जेवर और नगदी लेकर फरार हो गई। पुलिस ने अब इस मामले का खुलासा करते हुए दुल्हन और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर लुटे गए जेवरात और नकदी बरामद कर ली गई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है। लुटेरी दुल्हन के अलावा अन्य गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने शादी में बिचौलिए की भूमिका निभाई थी।

ये मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मखियाली का है। प्रदीप ने पुलिस को जानकारी दी कि बिजनौर के रहने वाले रोहताश की बेटी पल्लवी के साथ उसकी शादी हुई थी। थाना छपार के पेरई गांव के रहने वाले सुनील और नजीजाबाद के दुर्ग बिहार की रहने वाली आशा उर्फ पूनम ने उसकी शादी कराई थी। शादी के अगले दिन दुल्हन ने पूरे परिवार को नशीला पदार्थ मिलाकर खाना खिला दिया। परिवार के बेहोश होने के बाद लुटेरी दुल्हन ने घर में रखे लाखों के जेवरात और 50 हजार की नगदी लेकर फरार हो गयी। सुबह होश में आने पर परिवार को घटना का आभास हुआ।

पुलिस ने तहरीर मिलने पर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी। थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा ने बताया कि लुटेरी दुल्हन व उसके सहयोगियों को भोपा रोड से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने सोने व चांदी के जेवरात और 11800 रुपए बरामद किए है। गिरफ्तार आरोपी सुनील ने लडके पक्ष व महिला आशा उर्फ पूनम ने लडकी पक्ष से बिचौलिए की भूमिका निभाई थी। तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।