मुजफ्फरनगर। जानसठ के गांव गढ़ी देहात में ईद-उल-अजहा पर्व पर खुले में कुर्बानी के प्रयास के मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पूर्व प्रधान फरमान अभी फरार है। एसएसपी ने इस मामले में जानसठ थाना प्रभारी जोगेंद्र सिंह को हटा दिया है।
ईद-उल-अजहा पर्व पर खुले में कुर्बानी पर शासन ने प्रतिबंध लगाया था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी खुले में कुर्बानी न हो, इसके लिए पिछले एक पखवाड़े से लगातार धर्म गुरुओं, मदरसे के मौलानाओं व मुस्लिम समुदाय के गणमान्य लोगों केे साथ बैठक कर रहे थे। थानों की पुलिस अपने क्षेत्रों में अपील कर रही थी। इसके बाद भी जानसठ क्षेत्र में दो घटनाएं हो गई।
जानसठ के गांव गढ़ी देहात में ईद की नमाज के बाद कुछ लोगों ने एकत्र कर जानसठ से काफिस को बुलाकर खुले में कुर्बानी करनी चाही। सूचना पाकर जानसठ पुलिस ने पहुंच कर लाठियां फटकारीं। मौके से साजिद, आस मौहम्मद, आरिस, कासिफ को हिरासत में ले लिया। पूर्व प्रधान फरमान मौके से फरार हो गया।
इसके बाद गांव काटका में भी ऐसा ही प्रयास किया गया। पुलिस के लाठी फटकारने से गुस्साए लोगों ने भाकियू तोमर के जिलाध्यक्ष के साथ थाने पर प्रदर्शन किया था। फरार पूर्व प्रधान व हिरासत में लिए चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।