मुजफ्फरनगर। बृहस्पतिवार दोपहर से लापता चल रहे अधेड़ आनंदपुरी निवासी ज्ञान सिंह (50) का शव संधावली रेलवे पुल के पास पड़ा मिला। ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई थी। बुलंदशहर के गांव मानपुर निवासी ज्ञान सिंह लगभग 35 साल से परिवार के साथ सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कालोनी आनंदपुरी में रहते थे। पुलिस ने बताया कि काफी समय से वह बीमार रहते थे। बीमारी के कारण मानसिक रूप से भी वह परेशान थे। वह बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे घर से निकले थे और इसके बाद वापस घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने उन्हें काफी तलाश किया। रात में भी उनका इंतजार करते रहे।
शुक्रवार सुबह वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास शव मिला। लेकिन पहचान नहीं होने पर पुलिस ने फोटो कराकर शव मोर्चरी भेज दिया। दोपहर में आनंदपुरी निवासी नरेश परिजनों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचा और अपने पिता ज्ञान सिंह के गुमशुदा होने की तहरीर दी। पुलिस ने उसे मृतक के फोटो दिखाई तो नरेश ने मृतक की पहचान अपने पिता के रूप में की। सीओ सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि शाम के समय पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।