मुजफ्फरनगर। शहर के बकरा मार्केट स्थित मोती महल क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के मायके से पहुंचे परिजनों ने महिला के पति पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोती महल गढ़ी गोरवान निवासी वसीम पुत्र यासीन की शादी करीब 14 वर्ष पहले हरिद्वार जनपद के झबरेड़ा क्षेत्र निवासी अब्दुल सत्तार की पुत्री अंजुम से हुई थी। शादी के बाद वसीम को उसकी पत्नी से तीन बच्चे हुए। मंगलवार सुबह डायल 112 पर पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला की हत्या कर दी गई है। इस पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए, जिन्होंने पति पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि अंजुम अपने परिवार के साथ मकान में ऊपर रहती थी, जबकि जेठ का परिवार मकान में नीचे हिस्से में रहता है। पति वसीम वेल्डिंग की दुकान करता है। रात में महिला का बड़ा बेटा अर्स अपनी मां के पास सो रहा था। दोनों अन्य बच्चे परिजनों के पास सो रहे थे। बेटे ने पुलिस को बताया है कि रात में जब उसकी आंख खुली तो उसके पापा उसकी मम्मी को फांसी के फंदे से नीचे उतार रहे थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी पति, जेठ फरार हो गए थे।

अंजुम के भाई कलीम ने बताया कि उनकी छोटी बहन की शादी होनी थी, जिसका शादी का जोड़ा सगाई के लिए जा रहा था। इसमें कुछ सामान बेटी की ससुराल वालों को तोहफे में दिया जा रहा था। इसकी जानकारी उन्होंने अपनी बड़ी बहन अंजुम और जीजा वसीम को मुजफ्फरनगर में दी थी। आरोप लगाया कि उनके जीजा वसीम ने सामान के बारे में सुनकर कहा कि उसका आधा उसे भी चाहिए। ऐसा न करने पर जीजा वसीम ने बीती रात उसकी बहन अंजुम के साथ मारपीट की। गला दबाकर हत्या कर दी। शरीर पर पिटाई के भी निशान हैं।

सीओ सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या करना सामने आ रहा है। महिला के परिजनों ने पति, ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है।