मंसूरपुर। क्षेत्र के पुरबालियान गांव के सार्वजनिक वाटर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से पानी पीने गए मजदूर विक्की (26) की मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। लापरवाही पर प्रधान और ग्राम सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। तहसीलदार ने आर्थिक मदद का भरोसा दिया है।

पुरबालियान गांव निवासी विक्की सोमवार रात करीब नौ बजे मजदूरी कर घर लौट रहा था। घर के पास ही ग्राम पंचायत की ओर से लगवाए गए वाटर कूलर में वह पानी पीने लगा। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

पीड़ित को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया। देररात उपचार के दौरान विक्की की मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान भाकियू मंडल अध्यक्ष नीरज पहलवान और सपा नेता अनुज कश्यप भी थाने पहुंच गए। तहसीलदार खतौली ने आर्थिक सहायता का भरोसा दिया। मृतक के भाई दीपक की तहरीर पर ग्राम प्रधान बल्लो और ग्राम सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।