लखनऊ : यूपी में बारिश का दौर थम चुका है और अब ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन मौसम साफ रहने वाला है। हालांकि इस बीच बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर पूरी तरह से थम चुका है, जिसकी वजह से मौसम शुष्क हो गया है। दिन भर जहां धूप खिल रही वहीं रात में लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। पश्चिमी यूपी के बरेली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, नजीबाबाद जैसे इलाकों में तो रात में एसी की जरूरत नहीं रही। इन इलाकों में रात का तापमान महज 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन मौसम साफ रहने वाला है। हालांकि इस बीच बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

तापमान की गिरावट के आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिमी यूपी में रातें तुलनात्मक रूप से ज्यादा ठंडी हो रही हैं। शनिवार को 35 डिग्री सेल्सियस के साथ बस्ती प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगातार हल्की गिरावट देखने को मिल रही है।

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी आगे कुछ दिन यूपी में मौसम के शुष्क रहने के संकेत हैं। इस बीच आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

वहीं, राजधानी लखनऊ में रविवार को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही तो कभी धूप खिली रही। रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। अगले दो तीन दिन लखनऊ के आसमान में बादल बने रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा।