मुजफ्फरनगर। बसों में सफर करने वाले यात्रियों की पहली पसंद यूपी नहीं, बल्कि उत्तराखंड रोडवेज की बसें बन रही है। किराए में अंतर इसकी बड़ी वजह है। गंतव्य तक पहुंचने में समय की बचत के कारण यात्री उत्तराखंड रोडवेज की बसों में अधिक सफर कर रहे हैं। यूपी की बसों से देहरादून में अधिक पार्किंग शुल्क वसूला जाता है। दिलचस्प बात यह है कि उत्तराखंड रोडवेज की बसें शहर में बाईपास से ही गुजरती हैं। इसके बावजूद यात्रियों को खूब भा रही है।

मुजफ्फरनगर से दिल्ली, हरिद्वार और देहरादून के लिए जाने वाले यात्री उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस के बजाए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस में यात्रा करते हैं। इसके लिए वह दिल्ली दून हाईवे पर भोपा पुल और जानसठ पुल के पास पहुंचते हैं। यहीं से उत्तराखंड की बस में सवार होते हैं। इससे उनके समय व किराए दोनों की बचत होती है। उत्तराखंड की बसों में यात्रियों के ज्यादा सफर करने से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की आय भी प्रभावित हो रही है।