पुरकाजी। कस्बे के मोहल्ला कस्सावान में 20 वर्षीय विवाहिता महक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कस्बे के मोहल्ला कस्सावान निवासी रिजवान की बेटी की शादी मोहल्ले के ही शमशाद के साथ करीब 8 माह पूर्व हुई थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी के ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसका उत्पीड़न कर रहे थे। करीब 20 दिन पूर्व उसकी बेटी का प्रसव हुआ था। इसके बाद से उसकी बेटी की हालत सही नहीं थी। ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति व ससुर जरीफ, सास अमरुनिशा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।