मुजफ्फरनगर :   बुधवार को घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित किया। विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि दो मीटर की दूरी तक भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा। बुधवार को न्यूनतम 9°C और अधिकतम 18°C दर्ज किया गया।

कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। दोपहर दो बजे तक सूर्य दर्शन नहीं हुए, और शाम 6:30 बजे से ही कोहरा फिर से छा गया। सड़कों से करीब ढाई-तीन फुट ऊपर धुंध की मोटी परत दिखाई दी, जिससे वाहन चालकों को अत्यंत धीमी गति से चलना पड़ा।

प्रशासन ने ठंड से बचाव के लिए विशेष व्यवस्था की है। चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है और अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं दुरुस्त रखी गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।  गुरुवार को न्यूनतम 8°C और अधिकतम 20°C, तथा शुक्रवार को न्यूनतम 7°C और अधिकतम 19°C तापमान रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों से कोहरे में अतिरिक्त सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।