मुजफ्फरनगर।  फुगाना थाना क्षेत्र के गढ़मलपुर सागड़ी गांव में नेशनल कबड्डी खिलाड़ी सगी बहन काजल (23) और मनीषा (21) की लाश कमरे में मिली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोबाइल बारी-बारी से प्रयोग करने के विवाद के बाद दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। पुलिस को जानकारी दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

गढ़मलपुर सागड़ी निवासी काजल बीएससी और मनीषा बीए की छात्रा थी। एक बहन का मोबाइल खराब हो जाने के कारण दोनों बारी-बारी से एक ही मोबाइल में सिम डालकर प्रयोग कर रही थीं। मोबाइल प्रयोग को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। रात में किसी समय विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और दोनों की मौत हो गई। परिजन सुबह जगाने पहुंचे तो प्रकरण की जानकारी मिली।

इसके बाद परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। एसपी देहात आदित्य बंसल का कहना है कि प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को जानकारी मिली थी। एसओ फुगाना को गांव भेजा गया है, पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। दोनों ने यूथ नेशनल कबड्डी में भाग लिया था।

दो सगी बहनों की मौत का यह मामला 17 जनवरी की रात का बताया गया है। परिजनों ने 18 जनवरी को दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। बृहस्पतिवार को अनहोनी की आशंका जताते हुए किसी ने फुगाना थाने में जानकारी दी। पुलिस दोनों के पिता शौकीन से जानकारी जुटा रही है