मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ले में छेड़छाड़ के विरोध पर आरोपियों ने भाई-बहन को दौड़ा-दौड़कर पीटा। जिन्हें उपचार के लिए ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस भी उनकी मदद नहीं कर रही है।
आते जाते करते थे छेड़छाड़ इस घटना की शुरुआत हुई जब कामकाजी तीन बहनों के साथ पड़ोसी द्वारा छेड़खानी की जाती थी। लोकलाज के डर से ये बहनें पहले तो इस बात को अपने परिवार से छिपाती रहीं, लेकिन जब छेड़छाड़ असहनीय हो गई, तब उन्होंने अपने परिजनों को सारी बात बताई।
एकजुट होकर किया हमला पीड़ित बहनों के भाइयों ने जब छेड़छाड़ का विरोध जताया और आरोपियों को समझाने की कोशिश की, तब आरोपियों ने एकजुट होकर भाइयों पर हमला कर दिया। इस हमले में बहनें भी बचाव में आईं, जिन्हें दबंगों ने दौड़ा-दौड़ा कर बुरी तरह से पीटा। इस दौरान हमलावरों ने पीड़ितों के हाथ तोड़े, सिर फोड़े, और उनके कपड़े भी फाड़ दिए, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गई। हॉस्पिटल में भर्ती भाई-बहन लहूलुहान हालत में पीड़ित बहन-भाइयों को तुरंत ज़िला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनकी दशा देखकर हर कोई स्तब्ध है। पीड़ितों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की और आरोपियों का साथ दिया जा रहा है।
मीडिया के सामने पीड़ित भाई-बहन ने अपना दुखड़ा रोया और न्याय की गुहार लगाई। उनकी आंखों से आंसू छलक रहे थे जो उनके दर्द की कहानी बयां कर रहे हैं। इस घटना ने समाज में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति सवाल उठा दिए हैं।