मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने किसी तरह छूटकर शोर मचाया और मकान में रह रहे किराएदारों को जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सिविल लाइन थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कई साल पहले उसकी मां की मौत हो गई थी। उसका भाई बिहार में अपनी मौसी के पास रहता है। वह अपने पिता के साथ किराए के मकान में रह रही थी। शुक्रवार देर रात पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान वह शोर मचाते हुए किसी तरह कमरे से बाहर निकली। मकान में रह रहे दूसरे किराएदार शोर-शराबा सुनकर बाहर निकले और किशोरी को बचाया। आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। शनिवार शाम को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसके साथ पहले भी दुष्कर्म किया था।

सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल करा दिया है। उसके बयान भी दर्ज कराए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।