मुजफ्फरनगर। बागपत में स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस पर संविदा चालक सिसौली निवासी अंकुर की कस्बे में ही हत्या कर दी गई। सुबूत मिटाने के उद्देश्य से हत्यारों ने शव को जलाने की कोशिश की। डॉग स्क्वॉड टीम के साथ एसएसपी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। अंकुर के हाथ-पैर उसके कपड़ों से बांधे गए थे।

भौराकलां थाना क्षेत्र के कस्बा सिसौली निवासी अंकुर पुत्र राजबीर (26) बागपत जिले में 108 एंबुलेंस पर संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। वह तीन दिन पहले घर छुट्टी आया था। बुधवार सुबह लगभग नौ बजे घर से बागपत ड्यूटी पर जाने के लिए कहकर निकला था, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं लौटा। परिजनों ने मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया तो संपर्क नहीं हो सका। बृहस्पतिवार सुबह कुछ लोग कस्बे के श्मशान घाट की तरफ गए तो उन्हें वहां पर एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। उसके हाथ-पैर उसी के कपड़ों से बांधे गए थे। उसके सिर पर चोट का निशान था।

सुबूत मिटाने के उद्देश्य से शव जलाने की कोशिश की गई थी। सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने मृतक की पहचान अंकुर के रूप में की, तो उसके परिवार के लोग भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। अंकुर का शव देखकर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। सूचना दिए जाने पर भौराकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ,सीओ फुगाना शरद चंद्र शर्मा डॉग स्क्वॉड टीम के साथ पहुंचे।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता राजवीर ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अंकुर की हत्या की रिपोर्ट लिखाई है। सीओ फुगाना ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।