मुजफ्फरनगर। खेतों पर काम करने के लिए घर से गये किसान की खेत में ही लाश मिली। परिजनों ने एक औरत पर हत्या कराने के आरोप लगाये हैं। इस मामले में अवैध सम्बंध को घटना का कारण माना जा रहा है। परिजनों ने थाने में तहरीर दे दी है, जिस पर पुलिस ने मामले की जांच प्रारम्भ कर दी। मृतक किसान का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। गांव में भी अहतियातन पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र बुढाना के गांव विज्ञाना निवासी अकबर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई डा. इसराईल पुत्र अब्दुल रज्जाक शुक्रवार को दोपहर घर से गया था। बताया कि एक व्यक्ति अपरान्ह डेढ बजे के करीब उसके घर आया और भाई डा. इसराईल को खेतों में ढूंढने की बात कहते हुए उसकी जान को खतरा बताया। अकबर ने बताया कि वह अपने भतीजे साकिब को साथ लेकर भाई को तलाश करने के लिए खेतों की और गए। उन्होंने बताया कि वहां गांव के ही नूरहसन के सरसो के खेत में उसे उसका भाई डा. इसराईल अचेत अवस्था में पड़ा मिला। बताया कि तभी उन्हें वहां एक महिला तथा तीन पुरुष एक और जाते दिखाई दिये।
बताया कि महिला तथा एक पुरुष को उसने पहचान लिया। खेतों में दिखा पुरुष वही था जिसने उसे घर आकर डा.इसराईल की जान को खतरा बताते हुए उसे ढूंढने के लिए कहा था। अकबर ने महिला तथा उक्त पुरुष को नामजद करते हुए चार लोगों के विरुद्ध डा. इसराईल को पीटकर मारने की तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। बुढाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अकबर ने बताया कि जब वह खेतों में पहुंचा तो वहां उसका भाई डा. इसराईल उसे बेहोश अवस्था में पड़ा मिला। बताया कि उसके शरीर पर चोट के निशान थे। तुरंत ही उसे गाड़ी में डालकर बुढाना चिकित्सक के ले जाया गया। लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषिति कर दिया। बताया कि जिस समय उन्होंने डा. इसराईल को जब खेत से उठाकर चिकित्सक के यहां पहुंचाया, उस समय वह अर्द्धनग्न अवस्था में था। डा. इसराईल की हत्या के पीछे अवैध संबंध को कारण माना जा रहा है। मृतक के भाई का आरोप है कि जिस महिला को उन्होंने खेत पर देखा था, उसका चरित्र अच्छा नहीं बताया जा रहा। गांव निवासी एक व्यक्ति ने भी शक जाहिर किया कि हत्या के पीछे अवैध संबंध भी कारण हो सकते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।