मुजफ्फरनगर। दिनभर बूंदाबांदी और शाम के समय तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। दिन के तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। बारिश को गेहूं की फसल के लिए लाभकारी माना जा रहा है।
सुबह के समय घना कोहरा छाए रहा और रुक-रुककर हुई बारिश ने तो जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। दिन भर बादलों और बारिश के चलते अधिकतम तापमान लुढ़ककर यहां 15 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में आर्द्रता 95 प्रतिशत बनी रही। दिन भर बूंदाबांदी से सड़कों पर कीचड़ की स्थिति रही। आम आदमी का सड़कों से निकलना मुश्किल हो गया। इससे पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल भी खुल गई है। इस बारिश को किसानों के लिए लाभकारी बताया जा रहा है। शहर में जिन स्थानों पर जल निगम का कार्य चल रहा है, उन सड़कों से आम आदमी का निकलना दूभर हो गया है। जगह-जगह गड्ढो के कारण हादसों की स्थिति बनी रही।
जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया ने बताया कि बारिश गन्ने की फसल के लिए बेहद लाभकारी है। जो लोग 20-25 दिन पहले गेहूं की बुवाई कर चुके हैं, उन्हें पहला पानी मिल गया है जो लाभदायक है। जिन लोगों ने पांच-दस दिन पहले बुवाई की है, उनके गेहूं को नुकसान होगा। सरसों में जहां फूल नहीं आया वहां बारिश लाभदायक है और जहां फूल आ गया है वहां नुकसान होगा।
जिले में तीन हजार से अधिक कोल्हू गुड़ बना रहे है। बारिश से कोल्हू की खोई भीग गई है, इससे कोल्हुओं का संचालन प्रभावित हो सकता है। भौराकलां के जयदेव का कहना है कि हमारी सारी खोई भीग गई है, मौसम नहीं खुला तो कोल्हू बंद करना पड़ेगा।