मुजफ्फरनगर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुजफ्फरनगर की पुलिस लाईन में हेलीकाप्टर से पहुंचने के बाद भोपा रोड पर वृंदावन बैंकटहाल में कार्यकर्ताओं से संवाद किया। अमित शाह ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह को याद करते हुए अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि मैंने यहां 2013 में हुए दंगों की वेदना को जाना था। आरोप लगाने वाले पीड़ित बन गए और पीड़ित आरोपी बन गए। मैं आज भी दंगो की पीड़ा नहीं भूला हूं। वर्ष 2014, 2017, 2019 में आपने हमें जिताया, जिस कारण कुछ बडे काम करने का सौभाग्य मिला। आगे भी इसी तरह से सेवा करने की कोशिश है।
यूपी से हमने वादा किया था कि हम यूपी को माफियाओं से मुक्त करेंगे। सभी को सलामत बनाएंगे। माता-बहनों से छेड़खानी नहीं होगी। योगी आदित्यनाथ ने पूरे यूपी से चुन-चुनकर माफियाओं को साफ किया। शाह ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव आते थे, तो गुंडे-माफियाओं की बात करते थे। मायावती आती थी, तो जाति की बात करती थी, अखिलेश यादव को लाज भी नहीं आती। अमित शाह ने अखिलेश यादव को ललकारा कि मैं आंकड़े लेकर आया हूं। अखिलेश यादव कहते हैं कि यूपी में कानून व्यवस्था खराब है। मैं कहता हूं कि योगी सरकार में पुरानी सरकार से 70 फीसदी अपराध कम हुए हैं। अमित शाह ने कबीरदासजी का दोहा याद करते हुए कहा कि सपा-बसपा के साथ वोट गया तो फिर से माफियाओं का राज होगा। भाजपा के साथ गया तो यूपी नंबर एक राज्य बनेगा।
मुजफ्फरनगर के दंगों में वोट बैंक को ध्यान में रखकर पुलिस ने कार्रवाई की। हजारों फर्जी केस दर्ज किए गए। मैं तो डा. संजीव बालियान के नेतृत्व भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं कि उन्होंने लड़ाई लड़ी।
मैं आज भी पश्चिमी यूपी की जनता से पूछना चाहता हूं कि क्या आप दंगे भूल गए? जवाब मिला नहीं। अमित शाह ने कहा कि हमारी सरकार में दंगा करने वाले जेल की सलाखों के पीछे पहुंचे और हमने यहां कानून का राज स्थापित किया है। बीते दिवस मैंने अखिलेश यादव और जयंत चौधरी की प्रेस कांफ्रेंस देखी। कहते हैं हम साथ साथ है। पर भैया कब तक साथ हैं। यदि सरकार बन गई तो जयंत भाई बैठ जाएंगे और आजम खान आ जाएंगे। टिकटों के बंटवारे से ही साफ हो गया है कि आगे क्या होने वाला है। सब लोग सब कुछ समझते हैं। काउंटिंग के बाद यदि आपकी सरकार हुई तो क्या होने वाला है। अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान के हमलों का हमने करारा जवाब दिया, 10 दिन के अंदर ही सर्जिकल स्ट्राइक की। पाकिस्तान के घर में घुसकर मारा। शाह ने पूछा- यूपी को सपा, बसपा और कांग्रेस सुरक्षित रख सकती है क्या? आज तक राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर कुछ नहीं हुआ, हमने अलीगढ़ विश्वविद्यालय उनके नाम पर किया। मोदी खुद वहां गए। चौधरी चरण सिंह और महेंद्र सिंह के नाम पर सड़कों के नामकरण किए। कांग्रेस को तो सरदार पटेल से भी दिक्कत है। मोदीजी ने ही उनकी आसमान छूती स्टैच्यू बनवाई। ये सब परिवारवादी पार्टियां इनका सम्मान नहीं कर सकते।
अखिलेश यादव आपकी और बसपा की 10 साल सरकार रही, आपने किसानों के लिए क्या किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2.53 करोड़ किसानों को 37 हजार करोड़ रुपए दिया। हमने 36 हजार करोड़ का किसानों का लोन माफ किया। यूपी में 42 चीनी मिलें थें, 21 बंद कराई। बुआ-भतीजे ने बंद कराई। हमारे समय में चीनी मिलें बंद नहीं हुईं। किसानों का 1 लाख 48 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया। हमने तय किया है कि गन्ना किसानों के भुगतान में दिक्कत हुई तो मिलों से ही हर्जाना लेंगे। इस अवसर पर केंद्र सरकार में मंत्री संजीव बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, नगरपालिका चेयरमैन अंजू अग्रवाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, भाजपा प्रत्याशी कपिल देव अग्रवाल समेत सभी प्रत्याशी व भारतीय जनता पार्टी के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके बाद अमित शाह ने शिव चौक पर माथा टेका और फिर भगत सिंह रोड व दाल मंडी में डोर -टू-डोर संपर्क किया।