मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के किरण सिटी में रात तीन बजे इंडियन बैंक के चीफ मैनेजर के घर में ताला तोड़कर बदमाश घुस गए। मैनेजर और उनकी पत्नी पर प्राणघातक हमला कर डकैती का प्रयास किया, लेकिन विरोध और शोर को देखते हुए बदमाश फरार हो गए। चाकू के हमले में घायल बैंक मैनेजर को ईवान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

किरण सिटी में रात तीन बजे सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है। इंडियन बैंक नई मंडी के चीफ मैनेजर अतिश कुमार श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ किरण सिटी में रहते हैं। रात तीन बजे पति-पत्नी दोनो गहरी नींद में सोये हुए थे। रात में बदमाश घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और श्रीवास्तव पर सोते हुए ही चाकू से हमला किया। चाकू से हमला करने के बाद गला दबाकर मारने की कोशिश की। श्रीवास्तव और उनकी पत्नी ने बदमाश से मुकाबला किया। हंगामा और शोर हो जाने पर बदमाश घर से बाहर भाग गया। बाहर उसके कुछ साथी इंतजार में थे वह भी उसके साथ फरार हो गए।

चाकू के हमले में लहू लुहान चीफ मैनेजर श्रीवास्तव को आस-पास के लोगों ने रात्रि में ही ईवान हॉस्पिटल में भर्ती कराया। रात में ही 100 नंबर पर सूचना दी गई। काफी देर बाद पुलिस पहुंची। सुबह के समय मौके पर पहुंची ट्रांसपोर्टनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कोतवाली में घटना की तहरीर दिए जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। यहां के नागरिकों का कहना है कि कालोनी में काफी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए अभी तक कोई छानबीन ही नहीं की है।