मेरठ। उत्तर प्रदेश में 12 से 18 फरवरी तक रालोद का ‘चलो गांव की ओर, मेरा संगठन आपके द्वारा’ अभियान शुरू होगा। रालोद पदाधिकारी चौ. अजित सिंह द्वारा किसानों के नाम लिखे गए पत्रों को गांवों में किसानों तक पहुंचाएंगे।

 

मेरठ में रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष हस्तिनापुर चौ. यशवीर सिंह ने बताया कि 12 फरवरी को राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का जन्मदिन प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा। अपने जन्मदिन पर चौ. अजित सिंह ने एक पत्र किसानों के नाम जारी किया है। इस पत्र के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाएगा। हर जिले में किसान पंचायत भी कराने के लिए समस्त जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं।

 

रालोद पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट गया है। मेरठ के प्रभारी बनाए गए राष्ट्रीय सचिव तेजपाल सिंह ने सोमवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के जिलाध्यक्ष के माध्यम से आवेदन लिए जाएं। कमेटी प्रत्याशी का चयन करेगी।

 

राष्ट्रीय लोकदल कार्यालय पर जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चुनाव पर चर्चा की गई। सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों की जीत के लिए पदाधिकारी गांवों में संपर्क करें। राष्ट्रीय लोकदल मजबूती के साथ पंचायत चुनाव लड़ेगा। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा, अशोक सिंह फफराना, योगेंद्र सिंह पतला, नरेंद्र सिंह खजूरी, सोहराब गयास, आरिफ, हरेंद्र प्रधान, कुशलवीर, हसमत अली, खलील अहमद, मारूफ अहमद, बिलाल अहमद मौजूद रहे।